CG Bus Scheme Phase 2 Launch: छ्त्तीसगढ़ के बस्तर और सरगुजा के सुदूर वनांचलों में ग्रामीण परिवहन की बड़ी सौगात मिली। मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के दूसरे चरण की शुरुआत हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय से योजना के दूसरे चरण का शुभारंभ किया। CM ने वर्चुअली हरी झंडी दिखाकर बसों को रवाना किया।
180 गांव बस सुविधा से जुड़े
दूसरे चरण में बस्तर और सरगुजा के 10 जिलों के 23 मार्गों पर 24 नई बसों का संचालन होगा। जिससे 180 गांव सीधे बस सुविधा से जुड़ गए हैं। इस चरण में शामिल कई ग्रामीण उसी बस में सवार होकर पहुंचे, जिसे योजना के प्रथम चरण में प्रारंभ किया गया था। ग्रामीणों ने CM से चर्चा करते हुए बताया कि अब दूर इलाकों से ब्लॉक मुख्यालयों तक पहुंचना पहले की तुलना में आसान हो गया है।

CG Bus Scheme Phase 2 Launch: बेहतर यातायात सुविधाएं
सीएम साय ने कहा- ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन की सुदृढ़ व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में यह योजना एक मील का पत्थर साबित हो रही है, जिससे लोगों को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का अवसर मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने योजना से लाभान्वित होने वाले 180 गांवों के सभी ग्रामीणों को शुभकामनाएं दी और कहा कि बेहतर यातायात सुविधाएं अब उनके जीवन को पहले से ज्यादा सुगम बनाएंगी और तरक्की के नए मार्ग खोलेगी।

