उज्जैन। बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन ने स्वच्छता के क्षेत्र में एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान मजबूत की है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में 3 से 10 लाख आबादी वाले शहरों की श्रेणी में उज्जैन ने देश में पहला स्थान हासिल किया है। इस श्रेणी में चंडीगढ़ दूसरे और आंध्र प्रदेश का गुंटूर तीसरे स्थान पर रहा।

दिल्ली में आयोजित सम्मान समारोह से पुरस्कार लेकर लौटे उज्जैन के जनप्रतिनिधियों और नगर निगम अधिकारियों ने गुरुवार को यह सम्मान बाबा महाकाल के चरणों में समर्पित किया। इस दौरान सफाई मित्रों की टीम भी मौजूद रही।

महाकाल मंदिर पहुंचकर अर्पित किया पुरस्कार

राष्ट्रीय स्तर पर मिली इस उपलब्धि के बाद महापौर मुकेश टटवाल, निगम अध्यक्ष कलावती यादव, नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और सफाई मित्र गुरुवार शाम करीब 4 बजे नीलकंठ द्वार पर एकत्रित हुए। यहां से सभी श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे और उज्जैन को मिले सम्मान को बाबा महाकाल के चरणों में अर्पित किया।

नगर निगम आयुक्त ने बताया सामूहिक प्रयास का परिणाम

नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि यह सम्मान किसी एक व्यक्ति या विभाग की मेहनत का नतीजा नहीं, बल्कि पूरे शहर के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने सफाई मित्रों के योगदान, जनप्रतिनिधियों के प्रोत्साहन, मीडिया की भूमिका और नागरिकों के सहयोग को इस सफलता का आधार बताया।

आयुक्त के मुताबिक, एमआर-5 और गोंदिया क्षेत्र में जमा कचरे के बड़े ढेरों को हटाने जैसे प्रयासों ने भी स्वच्छता सर्वेक्षण में शहर के प्रदर्शन को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

सफाई मित्रों को दिया उपलब्धि का श्रेय

महापौर मुकेश टटवाल ने कहा कि इस राष्ट्रीय सम्मान का सबसे बड़ा श्रेय सफाई मित्रों को जाता है। उनकी दिन-रात की मेहनत और समर्पण से उज्जैन को यह मुकाम मिला है। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों और शहर के नागरिकों का भी आभार जताया।

महापौर ने कहा कि बाबा महाकाल के आशीर्वाद से मिली इस उपलब्धि को सबसे पहले उन्हीं के चरणों में समर्पित किया गया है।

नागरिकों से स्वच्छता बनाए रखने की अपील

नगर निगम आयुक्त ने शहरवासियों से अपील की कि वे कचरा खुले में न फेंकें, डस्टबिन का उपयोग करें और कचरा केवल कचरा गाड़ी में ही डालें। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल किसी अभियान या सर्वेक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे रोजमर्रा की आदत और सामूहिक जिम्मेदारी बनाना जरूरी है।

वहीं, महापौर ने आगामी सिंहस्थ-2028 को देखते हुए भी शहर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नागरिकों के सहयोग से उज्जैन को भविष्य में भी स्वच्छता के क्षेत्र में अग्रणी बनाए रखने का प्रयास जारी रहेगा।

2019 में भी उज्जैन ने हासिल किया था पहला स्थान

उज्जैन इससे पहले भी स्वच्छता के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर शीर्ष स्थान हासिल कर चुका है। वर्ष 2019 में 3 से 10 लाख आबादी वाले शहरों की श्रेणी में उज्जैन देश में पहले स्थान पर रहा था। इससे पहले वर्ष 2017 में शहर को ऑल इंडिया रैंकिंग में 12वां और 2018 में 17वां स्थान मिला था। वर्ष 2024-25 में भी उज्जैन सुपर स्वच्छ लीग में शामिल रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *