उज्जैन। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व स्टार बल्लेबाज सुरेश रैना शुक्रवार तड़के बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन पहुंचे। यहां उन्होंने विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में भस्म आरती में शामिल होकर भगवान महाकाल का आशीर्वाद लिया। इस दौरान रैना अपने भाई और भतीजे के साथ मौजूद रहे। पारंपरिक वेशभूषा में उन्होंने नंदी हॉल में बैठकर शिव मंत्रों का जाप किया।

भस्म आरती और दर्शन के बाद सुरेश रैना ने मंदिर की व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि बाबा महाकाल के दरबार में उन्हें अलग ही स्तर की ऊर्जा महसूस हुई। उनके मुताबिक, यहां का आध्यात्मिक वातावरण बेहद खास है।

भाई और भतीजे के साथ किए बाबा महाकाल के दर्शन

शुक्रवार तड़के निर्धारित धार्मिक परंपराओं के अनुसार भगवान वीरभद्र से आज्ञा लेने के बाद ढोल-नगाड़ों के साथ मंदिर के कपाट खोले गए। इसके बाद भगवान महाकाल का अभिषेक, दिव्य शृंगार और भस्म आरती संपन्न हुई।

इसी दौरान सुरेश रैना भी भस्म आरती में शामिल हुए। उन्होंने नंदी हॉल में बैठकर पूरी श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना की और शिव मंत्रों का जाप किया। इसके बाद भगवान महाकाल के दिव्य स्वरूप के दर्शन किए।

‘अलग लेवल की ऊर्जा महसूस हुई’

दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में सुरेश रैना ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा,

“अपने भाई और भतीजे के साथ आया हूं। बाबा के दर्शन कर बहुत अच्छा लग रहा है। एक अलग लेवल की ऊर्जा महसूस हुई। यहां की व्यवस्थाएं काफी अच्छी हैं। रात साढ़े 12 बजे से महाकाल के दर्शन के लिए भक्तों की लाइन लगी हुई है। महाकाल के आशीर्वाद से सब एक उद्देश्य के साथ उनकी सेवा में लगे हुए हैं।”

रैना ने मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं की भी तारीफ की।

मंत्रोच्चार और शंखनाद के बीच हुई भस्म आरती

महाकाल मंदिर में सुबह की पूजा पारंपरिक विधि-विधान के साथ संपन्न हुई। सबसे पहले प्रथम घंटाल बजाकर भगवान को हरिओम जल अर्पित किया गया। इसके बाद कपूर आरती हुई और बाबा महाकाल को मुकुट धारण कराया गया।

भगवान का जलाभिषेक करने के बाद दूध, दही, घी, शहद और फलों के रस से पंचामृत अभिषेक किया गया। इसके बाद रजत चंद्र, त्रिशूल और मुकुट से बाबा का दिव्य शृंगार किया गया।

भस्म आरती के दौरान झांझ-मंजीरे, ढोल-नगाड़ों, डमरू और शंखनाद के बीच मंत्रोच्चार हुआ। इस दौरान मंदिर परिसर ‘जय श्री महाकाल’ के जयघोष से गूंज उठा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने बाबा के दिव्य स्वरूप के दर्शन किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *