राहुल गांधी का मोदी सरकार पर हमला

चीन में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की मुलाकात को लेकर भारत की राजनीति में भी बयानबाजी तेज हो गई है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इस बैठक के बहाने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि अगर देश में कांग्रेस की सरकार होती, तो भारत के प्रधानमंत्री भी इस अंतरराष्ट्रीय बैठक की मेज पर मौजूद होते।

राहुल गांधी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “अगर कांग्रेस सत्ता में होती, तो भारत के प्रधानमंत्री इस मेज पर बैठे होते। एक समझौता किया हुआ कमजोर प्रधानमंत्री कभी भी इस मेज पर नहीं बैठ सकता।”

उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब चीन के शेनझेन में ट्रंप, जिनपिंग और पुतिन की मुलाकात के बाद वैश्विक राजनीति में इस बैठक को लेकर चर्चा हो रही है।

ट्रंप, जिनपिंग और पुतिन की बैठक में क्या हुआ?

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच हुई बैठक में अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, तीनों नेताओं ने ‘डिक्लेरेशन टुवर्ड्स पीस’ यानी शांति की दिशा में घोषणापत्र को अपनाया।

इस घोषणापत्र में परमाणु जोखिमों को कम करने, ऊर्जा की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने और अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय (ICC) के अधिकार क्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर बातचीत करने की प्रतिबद्धता जताई गई।

शिकागो में भी विदेश नीति पर उठा चुके हैं सवाल

इससे पहले बुधवार को शिकागो यूनिवर्सिटी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ने भारत की विदेश नीति और वैश्विक मामलों में देश की भूमिका पर सवाल उठाए थे।

उन्होंने तर्क दिया था कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की भूमिका अधिक सक्रिय और प्रभावशाली होनी चाहिए। राहुल गांधी ने चिंता जताई कि भारत वैश्विक फैसलों और चर्चाओं में अपनी मजबूत भूमिका निभाने के बजाय एक साइड प्लेयर बनकर रह गया है।

विदेश नीति को लेकर फिर आमने-सामने सरकार और विपक्ष

राहुल गांधी के इस बयान के बाद विदेश नीति और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की भूमिका को लेकर राजनीतिक बहस तेज होने की संभावना है। विपक्ष जहां सरकार की कूटनीतिक रणनीति पर सवाल उठा रहा है, वहीं इस मुद्दे पर केंद्र सरकार का पक्ष भी महत्वपूर्ण होगा।

फिलहाल, ट्रंप, जिनपिंग और पुतिन की बैठक के बहाने राहुल गांधी ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और भारत की विदेश नीति को लेकर सवाल खड़े किए हैं।

अमेरिका से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें अमेरिका में हवाई यातायात व्यवस्था ठप, FAA ने देशभर में रोकी उड़ानें; संचार व्यवस्था में खराबी से मचा हड़कंप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *