झारखंड के सिमडेगा से कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ एक नाबालिग लड़की ने दुष्कर्म, मारपीट और प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने विधायक के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, विधायक ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को खारिज करते हुए इसे राजनीतिक विरोधियों की साजिश बताया है।

मामले की पुष्टि करते हुए DSP नीरज कुमार ने मीडिया को बताया कि विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ दुष्कर्म के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने जांच जारी होने का हवाला देते हुए शिकायत से जुड़ी अन्य जानकारियां साझा नहीं कीं।

पढ़ाई और स्कूल में दाखिले का झांसा देकर रांची लाने का आरोप

शिकायत के मुताबिक, नाबालिग ने आरोप लगाया है कि मई 2026 में दो महिलाएं उसे पढ़ाई कराने और स्कूल में दाखिला दिलाने का भरोसा देकर रांची लेकर आई थीं। आरोप है कि उसे स्कूल में दाखिला दिलाने के बजाय विधायक के सरकारी आवास पर पहुंचा दिया गया, जहां उससे घरेलू काम कराया जाता था।

लड़की का कहना है कि जून में उसे वापस सिमडेगा ले जाया गया, जहां उससे ईंट और बालू ढुलवाने का काम कराया गया। इसके बाद उसे दोबारा रांची स्थित विधायक आवास लाया गया। शिकायत में मारपीट, गाली-गलौज और पर्याप्त भोजन नहीं देने जैसे आरोप भी लगाए गए हैं।

5 अगस्त को दुष्कर्म करने का आरोप

पीड़िता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि 5 अगस्त की दोपहर वह विधायक को पानी देने के लिए उनके आवास की ऊपरी मंजिल पर गई थी। इसी दौरान विधायक ने उसके साथ जबरदस्ती की और दुष्कर्म किया।

लड़की ने बताया कि उसके पिता की मृत्यु हो चुकी है और उसकी मां ने बचपन में ही उसे छोड़ दिया था। उसने मामले में POCSO एक्ट के तहत कार्रवाई की मांग की है। साथ ही, शिकायत में दोनों महिलाओं के खिलाफ भी कार्रवाई करने और अपनी सुरक्षा के लिए पुलिस संरक्षण उपलब्ध कराने की मांग की गई है।

विधायक भूषण बाड़ा ने आरोपों को बताया मनगढ़ंत

वहीं, कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा ने अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार किया है। शुक्रवार को ANI से बातचीत में उन्होंने इसे विरोधियों की ओर से उनकी छवि खराब करने की साजिश बताया।

विधायक ने कहा कि आरोप पूरी तरह मनगढ़ंत हैं और कुछ विरोधी उनकी प्रतिष्ठा तथा उनके काम को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वह और उनकी पत्नी युवाओं के साथ अपने बच्चों जैसा व्यवहार करते हैं तथा कई युवाओं को शिक्षा और व्यावसायिक प्रशिक्षण में मदद देते हैं।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *