Naxali Madvi Hidma CG: छत्तीसगढ़ पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली। नक्सल कमांडरों में शामिल माड़वी हिड़मा छत्तीसगढ़-आंध्र प्रदेश बॉर्डर पर मरेडमिल्ली जंगल में सुबह हुए एनकाउंटर में मारा गया है। उसकी पत्नी राजे उर्फ रजक्का और 4 अन्य नक्सलियों को भी ढेर कर दिया गया है। बस्तर रेंज IG सुन्दरराज पी ने इसकी पुष्टि की है।
माओवादियों को यह हाल के सालों में लगा सबसे बड़ा झटका है, और यह दावा किया जा रहा है कि हिड़मा की मौत के बाद अब देश में नक्सलवाद की उल्टी गिनती शुरू हो सकती है।

कौन था माड़वी हिड़मा?
Naxali Madvi Hidma CG: सुकमा जिले में जन्में माड़वी हिड़मा ने 16 साल की उम्र में ही हथियार उठा लिए थे, और बतौर कैडर शुरुआत करके हिड़मा बीते 2 दशकों में प्रतिबंधित कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (माओवादी) में अहम पदों पर रहा। हिड़मा कई बड़े हमलों का मास्टरमाइंड भी था और उस पर सरकार ने 1 करोड़ रुपये का इनाम घोषित किया था।

सबसे खतरनाक सैन्य टुकड़ी का कमांडर
हिड़मा CPI माओवादियों की बटालियन नंबर एक का कमांडर था, जो नक्सलियों की सबसे खतरनाक सैन्य टुकड़ी मानी जाती है। हिडमा दंडकारण्य क्षेत्र के घने जंगलों में रहता था और उसे अबूझमाड़ और सुकमा-बीजापुर के वन क्षेत्रों की अच्छी जानकारी थी। यही वजह थी कि कई कोशिशों के बाद भी माड़वी हिडमा लंबे समय तक सुरक्षाबलों से बचता रहा।

Naxali Madvi Hidma CG: शाह ने दी बधाई
इधर सुकमा जिले के एर्राबोर थाना क्षेत्र में भी एक और मुठभेड़ हुई, इसमें नक्सलियों के घायल होने की खबर है। दोनों जगहों पर सुरक्षाबलों का सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है। गृहमंत्री अमित शाह ने ऑपरेशन टीम से फोन पर बात कर बधाई दी।

