CG Tuhar Token app: छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से धान खरीदी सीजन की शुरुआत हो रही है। इस बार राज्य सरकार ने किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक नया कदम उठाया है। अब किसान लंबी कतारों में लगने से बच सकते हैं, क्योंकि सरकार ने “तुहर टोकन” नाम से एक मोबाइल एप्लिकेशन लॉन्च किया है, जिसके माध्यम से किसान घर बैठे धान खरीदी के लिए टोकन बुक कर सकेंगे।
राज्य सरकार का यह प्रयास किसानों को समय पर और व्यवस्थित तरीके से धान बेचने की सुविधा प्रदान करेगा। इस ऐप का नया वर्जन Google Play Store पर उपलब्ध है। किसान इस एप को डाउनलोड करके आसानी से टोकन बुक कर सकते हैं।

कैसे मिलेगा टोकन?
एप में किसान अपने पंजीकरण नंबर या आधार नंबर से लॉगिन कर सकते हैं। लॉगिन के बाद उन्हें OTP के माध्यम से सत्यापन करना होगा। इसके बाद किसान को अपनी सोसायटी का नाम, खरीदी केंद्र और धान की मात्रा दर्ज करनी होगी। सारी प्रक्रिया पूरी होने पर किसान को टोकन नंबर और खरीदी की तारीख दिखाई देगी। निर्धारित तारीख पर किसान उसी टोकन के साथ खरीदी केंद्र पहुंचकर धान विक्रय कर सकते हैं।
एप में टोकन बुकिंग का समय प्रतिदिन सुबह 8 बजे से शुरू होगा। वहीं सोसायटी संचालक सुबह 9:30 बजे से टोकन जारी करेंगे। एक बार जारी हुआ टोकन 7 दिनों तक मान्य रहेगा। इसका मतलब यह है कि किसान चुनी हुई तारीख के सात दिनों के भीतर धान बेच सकते हैं।

CG Tuhar Token app: किसानों के लिए APP
टोकन बुकिंग का अनुपातराज्य सरकार ने टोकन बुकिंग की व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए 70:30 का अनुपात तय किया है।
- 70% किसान मोबाइल ऐप “तुहर टोकन” के माध्यम से टोकन बुक कर सकेंगे।
- 30% किसान समिति में जाकर ऑफलाइन टोकन कटवा सकेंगे।
यह व्यवस्था खास तौर पर उन किसानों के लिए बनाई गई है, जो स्मार्टफोन या इंटरनेट का उपयोग नहीं कर पाते।

शनिवार को रहेगा ऐप बंद
सरकार ने किसानों की श्रेणी के अनुसार टोकन की संख्या तय की है —
- छोटे किसानों को 1 टोकन
- मध्यम किसानों को 2 टोकन
- बड़े किसानों को 3 टोकन मिलने का प्रावधान है।
इसके अलावा, शनिवार को यह ऐप बंद रहेगा, ताकि तकनीकी रखरखाव और डेटा सत्यापन सुचारू रूप से किया जा सके। किसानों को एक सप्ताह के भीतर अपनी पसंद की तारीख और दिन चुनकर टोकन बुक करने की सुविधा दी गई है।
बैंक वेरिफिकेशन अनिवार्य
CG Tuhar Token app: धान खरीदी प्रक्रिया में केवल वही किसान भाग ले पाएंगे, जिनका बैंक खाता वेरिफिकेशन पूरा हो चुका है। यदि किसी किसान का बैंक खाता सत्यापित नहीं है, तो उसे टोकन जारी नहीं किया जाएगा।

