Akshaya Tritiya 2026: अक्षय तृतीया का पर्व 20 अप्रैल 2026 को मनाया जाएगा। पंचांग के अनुसार, वैशाख शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि 19 अप्रैल 2026 को दोपहर 01 बजकर 01 मिनट पर शुरू होगी और 20 अप्रैल 2026 की सुबह 10 बजकर 39 मिनट तक रहेगी। यह एक त्योहार नहीं, बल्कि जीवन में सकारात्मक बदलाव और अक्षय समृद्धि लाने का सुनहरा अवसर है।
अक्षय तृतीया का महत्व
अक्षय तृतीया हिंदू धर्म में अत्यंत शुभ दिन माना जाता है। इस दिन गृह प्रवेश, नया वाहन खरीदना, जमीन या मकान का सौदा, सोना-चांदी खरीदना और विवाह जैसे मांगलिक कार्य करना अत्यंत शुभ माना जाता है। अक्षय तृतीया पर मां लक्ष्मी की पूजा करने से जीवन में सुख-समृद्धि और धन लाभ के योग बनते हैं।
इस दिन क्या करें
भगवान विष्णु और लक्ष्मी की पूजा
प्रातःकाल स्नान के बाद शांत मन से भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की पूजा करें। इससे जीवन में धन, सुख और समृद्धि की वर्षा होती है।
जप-तप और आध्यात्मिक अनुष्ठान
इस दिन पूजा-पाठ, मंत्र जप और अनुष्ठान करने से अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है। आध्यात्मिक उन्नति के लिए यह दिन बेहद श्रेष्ठ है।
दान-पुण्य
अन्न, जल, वस्त्र, फल या अन्य उपयोगी वस्तुओं का दान इस दिन विशेष फलदायी माना जाता है। दान से जीवन में शांति और समृद्धि बढ़ती है।
शुभ कार्यों की शुरुआत
विवाह, गृह प्रवेश, व्यापार आरंभ या संपत्ति खरीदने जैसे शुभ कार्य बिना मुहूर्त देखे भी इस दिन किए जा सकते हैं।

अक्षय तृतीया पर क्या न करें
नकारात्मकता से दूर रहें
इस शुभ दिन पर क्रोध, बहस, गपशप या झगड़े से बचना चाहिए। नकारात्मक बातें घर की सकारात्मक ऊर्जा को प्रभावित करती हैं। जितना हो सके शांत और प्रसन्न रहें, ताकि पूरे दिन अच्छी ऊर्जा बनी रहे।
किसी से पैसों का उधार लेन-देन न करें
अक्षय तृतीया पर उधार देना या लेना शुभ नहीं माना जाता। इससे आर्थिक अस्थिरता आ सकती है। बेहतर है कि इस दिन कोई नया निवेश करें, लेकिन कर्ज या उधार से दूर रहें।
मांसाहार से परहेज रखें
अक्षय तृतीया के दिन शुद्धता और सात्विकता का प्रतीक है। इसलिए मांसाहारी भोजन और शराब का सेवन बिल्कुल न करें। सादा, सात्विक और शुद्ध भोजन ही ग्रहण करें।

ये वस्तुएं न खरीदें
नुकीली वस्तुएं
चाकू, कैंची, ब्लेड जैसी नुकीली चीजें नकारात्मकता और संघर्ष का प्रतीक मानी जाती हैं। इसलिए इस दिन इनकी खरीदारी करने से बचें।
प्लास्टिक और एल्युमिनियम की वस्तुएं
कई ज्योतिषीय और धार्मिक मान्यताओं में प्लास्टिक तथा एल्युमिनियम को अशुद्ध माना जाता है। इनकी खरीदारी इस दिन टाल देना बेहतर है।
काले रंग के कपड़े पहनने या खरीदने से बचें
काला रंग नकारात्मकता से जुड़ा माना जाता है। अक्षय तृतीया पर काले कपड़े खरीदने या पहनने से बचें। इसके बजाय चमकीले, हल्के और सकारात्मक रंगों वाले कपड़े चुनें।

