Vishnu Deo Sai Ratnapur: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज बिलासपुर जिले के रतनपुर पहुंचे, जहाँ उन्होंने कल्चुरी कलार समाज के महासम्मेलन में हिस्सा लिया।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर भगवान सहस्रबाहु और बहादुर कलारीन दाई की विधिवत पूजा-अर्चना कर विशाल सम्मेलन का शुभारंभ किया।
धार्मिक नगरी रतनपुर में हजारों की संख्या में समाजजन मौजूद रहे और मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
200 करोड़ की कार्ययोजना
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने संबोधन में कहा कि रतनपुर छत्तीसगढ़ की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक स्थल है।
उन्होंने बताया कि इसके समग्र विकास के लिए केंद्र सरकार की प्रसाद योजना (PRASAD Scheme) के अंतर्गत 200 करोड़ रुपए की कार्ययोजना स्वीकृति के लिए भेजी गई है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस योजना को जल्द मंजूरी मिल जाएगी, जिससे रतनपुर का आध्यात्मिक और पर्यटन विकास नई ऊंचाई पर पहुंचेगा।
साय ने कहा कि धार्मिक स्थलों का विकास न केवल श्रद्धा का विषय है, बल्कि यह पर्यटन, स्थानीय रोजगार और संस्कृति संरक्षण से भी जुड़ा हुआ है।

अस्पताल और सामुदायिक भवन की घोषणा
मुख्यमंत्री ने रतनपुर की जनता के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि यहाँ 100 बिस्तर वाला आधुनिक अस्पताल स्थापित किया जाएगा, जिससे बिलासपुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी।
साथ ही मुख्यमंत्री ने कल्चुरी समाज के सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 1 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत करने की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि यह भवन समाज के सांस्कृतिक और सामाजिक आयोजनों के लिए उपयोगी सिद्ध होगा।

Vishnu Deo Sai Ratnapur: मंत्री रहे उपस्थित
इस महासम्मेलन की अध्यक्षता राज्य के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने की। कार्यक्रम में संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, विधायक धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल, सुशांत शुक्ला, अटल श्रीवास्तव, संगीता सिन्हा, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, क्रेडा अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी, योग आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा और महापौर पूजा विधानी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
सभी अतिथियों ने समाज की एकता और विकास की दिशा में मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।
Read More: छत्तीसगढ़ के बस्तर में बन रहा पहला ईको-फ्रेंडली गांव ‘नागलसर’
7.5 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने भाषण में कहा कि राज्य सरकार द्वारा लागू की गई नई उद्योग नीति को देशभर में सराहना मिली है। अब तक 7.5 लाख करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव राज्य सरकार को प्राप्त हुए हैं।
उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में अब कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) और सेमीकंडक्टर उद्योगों की स्थापना का कार्य शुरू हो चुका है, जिससे युवाओं को रोजगार और राज्य को औद्योगिक पहचान मिलेगी।
साय ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि छत्तीसगढ़ आने वाले वर्षों में टेक्नोलॉजी और औद्योगिक विकास का केंद्र बने।
मां महामाया मंदिर में की पूजा-अर्चना
Vishnu Deo Sai Ratnapur: महासम्मेलन में शामिल होने से पहले मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मां महामाया मंदिर, रतनपुर में दर्शन किए। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना, आरती कर छत्तीसगढ़ की खुशहाली, समृद्धि और शांति की कामना की. मुख्यमंत्री ने कहा कि मां महामाया का आशीर्वाद ही प्रदेश को नई ऊर्जा और दिशा प्रदान करता है।

