)
मनोरंजन डेस्क। फिल्म रामायण में भगवान इंद्र के किरदार में नजर आए अभिनेता कुणाल कपूर इन दिनों भारत से लेकर थाईलैंड तक सुर्खियां बटोर रहे हैं। फिल्म में उनका कैमियो भले ही छोटा है, लेकिन उनके शाही लुक और दमदार स्क्रीन प्रेजेंस ने थाई दर्शकों का ध्यान खींच लिया है। आलम यह है कि विदेशी प्रशंसक सोशल मीडिया पर उनके लिए कविताएं लिख रहे हैं और उन्हें थाईलैंड आने का न्योता भी दे रहे हैं।
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी फिल्म रामायण में कुणाल कपूर ने देवराज इंद्र की भूमिका निभाई है। फिल्म में उनके हिस्से करीब तीन अहम दृश्य आए हैं, लेकिन इन दृश्यों में उनका अंदाज दर्शकों को खासा पसंद आया। खासतौर पर दिव्य हाथी ऐरावत पर उनकी भव्य एंट्री चर्चा का विषय बनी हुई है।
इंद्र के किरदार में दिखा कुणाल का शाही अंदाज

फिल्म में कुणाल कपूर दो अहम युद्ध दृश्यों में नजर आते हैं। पहले दृश्य में वह असुर राजा सुमाली को पराजित करते हैं। इसके बाद ब्रह्मा जी से वरदान प्राप्त रावण के साथ युद्ध में उन्हें हार का सामना करना पड़ता है।
एक अन्य महत्वपूर्ण दृश्य में देवराज इंद्र भगवान विष्णु से रावण के अत्याचारों का अंत करने के लिए धरती पर अवतार लेने की प्रार्थना करते हैं। इन दृश्यों में कुणाल का राजसी व्यक्तित्व और ऐरावत पर उनकी एंट्री दर्शकों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
थाईलैंड में कुणाल कपूर के लिए लिखी जा रहीं कविताएं
कुणाल कपूर की लोकप्रियता का एक दिलचस्प पहलू थाईलैंड में देखने को मिल रहा है। वहां के दर्शक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स और इंस्टाग्राम पर फिल्म से उनकी तस्वीरें, स्क्रीनशॉट और शूटिंग के दौरान की तस्वीरें साझा कर रहे हैं।
एक थाई प्रशंसक ने कुणाल की तस्वीरों के साथ कविता साझा करते हुए उन्हें स्वर्ग से धरती पर उतरे इंद्र की तरह बताया। पोस्ट में उनके सुनहरे व्यक्तित्व और चांद जैसी चमक की तारीफ की गई। प्रशंसक ने उन्हें थाई लोगों के सपनों का इंद्र भी कहा।
एक अन्य यूजर ने कुणाल की सेल्फी पर टिप्पणी करते हुए लिखा कि क्या उन्हें पता है कि उनका आकर्षक व्यक्तित्व भी इंद्र के वज्र की तरह शक्तिशाली है? कई प्रशंसकों ने उन्हें थाईलैंड आने का आमंत्रण भी दिया है।
कुणाल ने फैंस को दिया खास जवाब

थाई प्रशंसकों से मिल रहे प्यार पर कुणाल कपूर ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर कुछ प्रशंसकों के कमेंट्स का जवाब देते हुए बताया कि उनकी बहन थाईलैंड में रहती हैं। इसी वजह से उनका वहां आना-जाना लगा रहता है और यह देश उन्हें अपने दूसरे घर जैसा लगता है।
कुणाल के इस जवाब के बाद थाई प्रशंसकों का उत्साह और बढ़ गया। अब कई लोग उन्हें जल्द ही थाईलैंड में देखने की इच्छा जता रहे हैं।
क्या है फिल्म ‘रामायण’ की कहानी और स्टारकास्ट?
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी रामायण दो भागों में तैयार की जा रही है। फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज ने DNEG और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के साथ मिलकर किया है।
फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में हैं। वहीं कुणाल कपूर देवराज इंद्र के किरदार में नजर आ रहे हैं।
फिल्म को भारत के साथ अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी दर्शकों की प्रतिक्रिया मिल रही है। रिलीज के आठ दिनों के भीतर इसने दुनिया भर में 1,000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। इस बीच कुणाल कपूर के इंद्र अवतार को लेकर थाईलैंड में मिल रही लोकप्रियता फिल्म की चर्चा को एक नया रंग दे रही है।
