Unique Jamwant Temple Mp: मध्यप्रदेश के रायसेन जिले से करीब 120 किलोमीटर दूर बरेली के पास जामगढ़ में भगवान श्री राम के परम भक्त जामवंत की ऐतिहासिक गुफा और मंदिर स्थित है। यह मंदिर विंध्याचल की पहाड़ियों में 1500 फीट की ऊंचाई पर बना हुआ है, जिसे भगवान श्रीकृष्ण की ससुराल कहा जाता है।
मान्यता है कि, यहीं श्रीकृष्ण और जामवंत का युद्ध हुआ था और यहीं उन्होंने जामवंती से विवाह भी किया था।
कहां है ये मंदिर ?
यह मंदिर मध्यप्रदेश के रायसेन जिले के बरेली बस स्टैंड से लगभग 20-21 किमी और भोपाल से करीब 144 किमी की दूरी पर बना हुआ है।

यह मध्यप्रदेश का इकलौता जामवंत का मंदिर है।
श्रीकृष्ण और जामवंत के बीच यहां हुआ था युद्ध
कहा जाता है कि, यह स्थान जामवंत जी का निवास स्थल था। इसी स्थान पर भगवान श्रीकृष्ण और जामवंत के बीच ‘स्यमंतक मणि’ को लेकर लगभग 27-28 दिनों तक युद्ध हुआ था। इस स्थान को आधिकारिक तौर पर भगवान श्रीकृष्ण की ससुराल माना जाता है।

आखिर क्यों है यह श्रीकृष्ण का ससुराल
दरअसल , जब जामवंत जी को इस बात का आभास हुआ कि वह जिससे युद्ध कर रहे हैं वो कोई साधारण मनुष्य नहीं तो उन्होंने युद्ध पर विराम लगाते हुए श्री कृष्ण से अपने असल रूप में आने को कहा जिसके बाद श्री कृष्ण ने उन्हें अपने राम अवतार में दर्शन दिए। अपने प्रभु श्री राम को देख जामवंत जी अत्यंत भावुक हो उठे।
जामवंत को हुआ भूल का अहसास
श्रीकृष्ण को राम अवतार में देखकर जामवंत को अपनी भूल का एहसास हुआ और उन्होंने प्रभु से क्षमा मांगी और उनके समक्ष अपनी पुत्री जामवंती से विवाह का प्रस्ताव रखा जिसके बाद श्री कृष्ण ने उन्हें माफ करते हुए उनकी पुत्री जामवंती जी को अपनी पत्नी स्वीकार किया। तब से इस स्थान को श्रीकृष्ण का ससुराल माना जाने लगा।

यहां भक्त लगाते हैं अर्जी
मान्यता है कि, यहां भगवान के सामने लोग अपनी मनोकामनाओं की अर्जी लगाते है। उनके चरणों पर नारियल की सीधी भेंट चरणों में रखते है। मंदिर के किसी भी हिस्से में गांठ बांधते हैं. मनोकामना पूर्ण होने के बाद सामर्थ्य अनुसार श्रद्धालु सेवा या दान करते हैं।

