MP government offices: मध्य प्रदेश के सरकारी दफ्तरों में अधिकारियों और कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति को लेकर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव सख्त दिखाई दे रहे। आज मुख्य सचिव कार्यालय उपस्थिति की जानकारी जुटाएगा। और मुख्यमंत्री के निर्देश पर सुबह 10 से 10.30 के बीच मुख्य सचिव कार्यालय से सभी अपर मुख्य सचिव,प्रमुख सचिव और सचिवों से जानकारी ली जाएगी।

लौट सकता है सिक्स डे वर्किंग सिस्टम
मुख्यमंत्री के निर्देश अनुसार सुबह 10 से शाम 4 बजे तक अधिकारियों की आवाजाही पर विशेष निगरानी रहेगी। उपस्थिति संबंधी जानकारी शाम 6 बजे तक एकत्रित की जाएगी। लंच के बाद दफ्तर से नदारद रहने वाले एसओ से लेकर एडिशनल सेक्रेटरी तक की सूची तैयार होगी। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने चेतावनी दी है कि आदत नहीं सुधरी तो सप्ताह में छह दिन काम का पुराना पैटर्न फिर शुरू किया जा सकता है।
MP government offices: ‘समय पर उपस्थिति’ के सख्त निर्देश
आपको बता दें कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने भोपाल स्थित वल्लभ भवन समेत अन्य सरकारी कार्यालयों में अफसरों और कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने साफ कहा है कि सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की अनिवार्य रूप से कार्यालय में मौजूदगी सुनिश्चित की जाएगी।
उल्लंघन पर होगी कार्रवाई
MP government offices: इसके तहत वल्लभ भवन, विंध्याचल, सतपुड़ा भवन, अन्य सरकारी कार्यालयों में उपस्थिति, आने-जाने के समय और अनधिकृत अनुपस्थिति की जानकारी ली जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जनकल्याणकारी योजनाओं और आम जनता से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समय पर काम करना अब अनिवार्य है, नहीं तो संबंधित के खिलाफ कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।

